जालंधर में बिना नंबर प्लेट की बाइक पर जा रहे युवक को जब पुलिस ने रोका तो बाइक सवार ने लुधियाना में ACP मामा की धौंस दिखा दी। घटना सोडल रोड की है। रविवार को सुबह 10 बजे के करीब सोशल वर्कर के रोके जाने पर युवक ने जेब से तुरंत फोन निकाला और सामने वाले को थमा दिया।
फोन पर एसीपी ने बताया कि, वह लुधियाना में तैनात है और जालंधर में एसएचओ रहा है। इस पर बाइक को रोकने वाले समाजसेवक मनदीप सिंह दोसांझ ने कहा कि न तो बाइक पर नंबर प्लेट हैं और न ही कोई डॉक्यूमेंट है। इस पर एसीपी ने कहा कि ये तो गलत है। इसको पुलिस के हवाले कर दे। पुलिस को कहकर चालान कटवाओ।
युवक के मामा एसीपी गुरप्रीत सिंह ने कहा कि आप इसे पुलिस को सौंप दो। पुलिस खुद वैरिफिकेशन कर अपना काम कर लेगी। सोशल वर्कर ने कहा कि आपकी रिकॉर्डिंग पर बात चल रही है तो इस पर एसीपी बोले कि कोई बात नहीं आपने जो रिकॉर्डिंग करनी है कर लो। ये पुलिस का केस है और पुलिस को कार्रवाई करने दो।
बता दें कि, जालंधर में बिना नंबर प्लेट की बाइकों पर ही लुटेरे वारदातों को अंजाम देते हैं। इस पर पुलिस ने बिना नंबर प्लेट बाइकों के खिलाफ कार्रवाई तेज की है। ताजा मामला सोडल रोड के रहने वाले नौजवान का सामने आया है, जो बिना नंबर प्लेट की बाइक चला रहा था।
इस तरह उसे रास्ते में सोशल वर्कर ने रोका तो इसके बाद नौजवान ने बाइक दौड़ा ली। सोशल वर्कर के अनुसार उसने पीछा करके नौजवान को जब रोका तो वह पुलिस अधिकारी के साथ अपनी रिश्तेदारी होने का हवाला देने लगा।
सोशल वर्कर ने पूरे घटनाक्रम की रिकॉर्डिंग कर कहा कि युवक की इस हरकत की शिकायत सीपी जालंधर धनप्रीत कौर से की जाएगी और उनको ये रिकॉर्डिंग सौंपी जाएगी। सोशल वर्कर ने युवक के खिलाफ पुलिस कार्रवाई की जानकारी नहीं दी और युवक को जाने दिया। युवक ने कहा कि आप मेरी रिकॉर्डिंग न करें। मैंने किसी कारण से नंबर प्लेट उतारी थीं और अब भी घर पर हैं। आप चाहें तो मैं चलकर दिखा सकता हूं।
