• Tue. Mar 17th, 2026

गैंगस्टर गोल्डी बराड़ के नाम से गिप्पी ग्रेवाल को धमकी, वायरल ऑडियो में बोला- ‘मैसेज इग्नोर कर लो, गोलियों को नहीं कर पाओगे’

ByPunjab Khabar Live

Mar 17, 2026

पंजाबी फिल्म इंडस्ट्री के दिग्गज अभिनेता और गायक गिप्पी ग्रेवाल एक बार फिर अंडरवर्ल्ड और गैंगस्टरों के निशाने पर हैं। सोशल मीडिया पर एक कथित ऑडियो क्लिप तेज़ी से वायरल हो रही है, जिसमें गिप्पी ग्रेवाल को सीधे तौर पर जान से मारने की धमकी दी गई है। ऑडियो में बोलने वाला व्यक्ति खुद को कुख्यात गैंगस्टर गोल्डी बराड़ बता रहा है। इस धमकी के बाद पंजाबी म्यूजिक और फिल्म जगत में हड़कंप मच गया है।

वायरल ऑडियो में धमकी देने वाले व्यक्ति ने दावा किया है कि उसने कुछ दिन पहले गिप्पी ग्रेवाल को एक मैसेज भेजा था, जिसका गायक की ओर से कोई जवाब नहीं मिला। व्यक्ति ने यह भी बताया कि उसने गिप्पी के करीबी भाणे एलए को भी संपर्क करने की कोशिश की थी।

ऑडियो में साफ शब्दों में कहा गया है कि उसके मैसेज को हल्के में लेना भारी पड़ सकता है। धमकी देने वाले ने डरावने लहजे में कहा कि मैसेज तो इग्नोर किया जा सकता है, लेकिन जब गोलियों की बौछार होगी, तो उसे नजरअंदाज करना नामुमकिन होगा। उसने चेतावनी दी कि अगर बात नहीं मानी गई, तो मोहाली में ही गायक की ‘फिल्म’ (हत्या) बना दी जाएगी। वायरल हो रही ऑडियो की हमारा चैनल पुष्टि नहीं करता है।

यह पहली बार नहीं है जब गिप्पी ग्रेवाल को इस तरह की धमकियों का सामना करना पड़ा है। गायक की टीम ने भी इस बात की पुष्टि की है कि उन्हें पहले भी कई बार डराया-धमकाया जा चुका है। गौरतलब है कि पिछले साल 25 नवंबर को कनाडा के वैंकूवर स्थित उनके आवास पर भी फायरिंग हुई थी।

उस हमले की जिम्मेदारी लॉरेंस बिश्नोई गैंग ने ली थी। उस वक्त गैंग ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए कहा था कि गिप्पी के सलमान खान के साथ करीबी संबंधों के कारण उन्हें निशाना बनाया जा रहा है। गैंग ने खुलेआम चुनौती दी थी कि सलमान खान या कोई और उन्हें बचाने नहीं आएगा। फिलहाल, ताजा ऑडियो क्लिप ने पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों की चिंता बढ़ा दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page