• Fri. Apr 10th, 2026

वृंदावन में लुधियाना के श्रद्धालुओं की पलटी नाव, 10 की मौत, बचाव अभियान जारी

ByPunjab Khabar Live

Apr 10, 2026

मथुरा । उत्तर प्रदेश के वृंदावन में शुक्रवार दोपहर एक बड़ा और दर्दनाक हादसा हो गया। केसी घाट पर श्रद्धालुओं से भरी एक नाव पंटून पुल से टकराकर यमुना नदी में पलट गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में लोग घटनास्थल पर जमा हो गए। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, नाव में सवार करीब 25 श्रद्धालु नदी में डूब गए। पुलिस और स्थानीय प्रशासन ने तुरंत राहत और बचाव कार्य शुरू किया। गोताखोरों की टीम गहरे पानी में उतरकर लापता लोगों की तलाश में जुटी रही।

बचाव अभियान के दौरान 15 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, जिनमें से एक श्रद्धालु को गंभीर हालत में संयुक्त चिकित्सालय में भर्ती कराया गया है। इस हादसे में अब तक 10 श्रद्धालुओं की मौत की पुष्टि हुई है, जिससे पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है। प्रशासन ने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की है। सूचना मिलते ही पुलिस, प्रशासनिक अधिकारी और राहत टीमें तुरंत मौके पर पहुंच गईं। हालांकि, घटनास्थल पर भारी भीड़ जमा होने के कारण बचाव कार्य में कुछ दिक्कतें भी आईं।

प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे मौके पर भीड़ न लगाएं और बचाव दल का सहयोग करें, ताकि अभियान तेजी से चल सके। जांच में यह भी सामने आया है कि लगभग 150 लोगों का एक दल लुधियाना (पंजाब) और मुक्तेश्वर से वृंदावन आया हुआ था, और नाव में सवार श्रद्धालु उसी समूह का हिस्सा थे। बताया जा रहा है कि नाव एक निजी नाविक द्वारा संचालित की जा रही थी। हादसे के बाद नाव भी नदी में डूब गई है, जिसकी तलाश जारी है। प्रशासन ने पूरे मामले की जांच के आदेश दे दिए हैं। साथ ही यह भी देखा जा रहा है कि नाव में क्षमता से अधिक लोग तो सवार नहीं थे और सुरक्षा मानकों का पालन किया गया था या नहीं। फिलहाल, क्षेत्र में राहत एवं बचाव कार्य जारी है और स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page