• Fri. Apr 10th, 2026

कांगड़ा में पंजाब के श्रद्धालुओं के साथ दर्दनाक हादसा, 3 की मौत, इतने घायल

ByPunjab Khabar Live

Apr 10, 2026

हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले में शुक्रवार दोपहर एक भीषण सड़क हादसा हो गया, जिसमें पंजाब के कपूरथला से आए श्रद्धालुओं की ट्रैक्टर-ट्रॉली अनियंत्रित होकर करीब 100 फीट गहरी खाई में जा गिरी। इस दर्दनाक घटना में 3 श्रद्धालुओं की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बच्चों और महिलाओं समेत 32 अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।

यह हादसा दोपहर करीब 12:15 बजे उस समय हुआ जब ट्रैक्टर-ट्रॉली ढलियारा के खतरनाक मोड़ से गुजर रही थी। मोड़ काटते समय चालक ने नियंत्रण खो दिया और देखते ही देखते ट्रॉली में सवार 35 से अधिक लोग सीधे गहरी खाई में जा गिरे।

जांच में यह बात सामने आई है कि ये सभी श्रद्धालु पंजाब के कपूरथला जिले के रहने वाले थे। वे मां चिंतपूर्णी मंदिर में माथा टेकने के बाद ज्वालाजी मंदिर की ओर जा रहे थे, लेकिन मंजिल तक पहुंचने से पहले ही यह अनहोनी हो गई। हादसे का मुख्य कारण ट्रैक्टर के ब्रेक फेल होना बताया जा रहा है।

थाना देहरा की पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामला दर्ज कर लिया गया है और हादसे के तकनीकी पहलुओं की बारीकी से जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page