पंजाब की आम आदमी पार्टी सरकार में बेहद प्रभावशाली माने जाने वाले उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री रहे संजीव अरोड़ा की मुश्किलें लगातार बढ़ती जा रही हैं। मनी लॉन्ड्रिंग और 100 करोड़ रुपए से अधिक के कथित फर्जी GST घोटाले के मामले में गिरफ्तार संजीव अरोड़ा की ED रिमांड दो दिन और बढ़ा दी गई है।
गुरुग्राम की विशेष पीएमएलए कोर्ट ने मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रवर्तन निदेशालय (ED) को आगे की पूछताछ के लिए अरोड़ा को दोबारा रिमांड पर रखने की अनुमति दे दी।
इससे पहले ED ने 9 मई को चंडीगढ़ स्थित संजीव अरोड़ा के सरकारी आवास पर लंबी छापेमारी की थी। पूरे दिन चली कार्रवाई के बाद एजेंसी ने देर शाम उन्हें गिरफ्तार कर लिया था। गिरफ्तारी के बाद कोर्ट ने उन्हें शुरुआती तौर पर 7 दिनों की ED कस्टडी में भेजा था।
रिमांड अवधि पूरी होने पर ED ने अदालत को बताया कि जांच के दौरान कई नए सबूत सामने आए हैं। एजेंसी ने फर्जी इनवॉइस, संदिग्ध वित्तीय लेन-देन और शेल कंपनियों के नेटवर्क की जांच के लिए और समय मांगा था। ED का कहना है कि मामले में कई वित्तीय दस्तावेजों और ट्रांजैक्शनों की पड़ताल की जा रही है, जिसके चलते आगे की पूछताछ जरूरी है। अदालत ने एजेंसी की दलीलों को स्वीकार करते हुए रिमांड अवधि बढ़ाने की मंजूरी दे दी।
