
जालंधर के शाहपुर में हुए पुलिस एनकाउंटर के बाद पुलिस कमिश्नर सतिंदर सिंह ने मामले में बड़ा खुलासा किया है। घटनास्थल पर पहुंचकर उन्होंने बताया कि गिरफ्तार आरोपी योद्धा उर्फ लब्बू वही शूटर है, जिसने करीब दो से तीन महीने पहले मोता सिंह नगर स्थित वरदान अस्पताल के बाहर फायरिंग की थी। पुलिस ने जब नाकाबंदी कर उसे पकड़ने का प्रयास किया तो उसने पुलिस टीम पर गोलियां चला दीं। जवाबी कार्रवाई में आरोपी के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस कमिश्नर ने बताया कि शुरुआती जांच में सामने आया है कि आरोपी ने गैंगस्टर लक्की पटियाल के कहने पर वरदान अस्पताल के बाहर फायरिंग की थी। पूछताछ के दौरान उसके अन्य साथियों की भी जानकारी मिली है। पुलिस के अनुसार, योद्धा उर्फ लब्बू मोगा समेत पंजाब के कई जिलों में आपराधिक वारदातों को अंजाम दे चुका है और मोगा, मोहाली सहित अन्य जिलों में भी वांछित चल रहा था।
पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया है कि वरदान अस्पताल पर फायरिंग की साजिश का मुख्य आरोपी कनाडा में बैठा हुआ है। उसका अस्पताल प्रबंधन के साथ किसी बात को लेकर विवाद चल रहा था। आरोप है कि उसी व्यक्ति ने पैसे देकर अस्पताल पर फायरिंग करवाई थी। पुलिस अब विदेश में बैठे आरोपी की भूमिका की जांच कर रही है और उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
पुलिस के अनुसार, जांच में यह भी सामने आया है कि अस्पताल से लाखों रुपये की फिरौती मांगी गई थी। अब गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ के जरिए यह पता लगाया जा रहा है कि फायरिंग के बदले उसे कितनी रकम दी गई थी, वारदात में और कौन-कौन शामिल था तथा पूरे नेटवर्क का संचालन किस तरह किया जा रहा था।

