विधानसभा हलका जालंधर नॉर्थ के इंचार्ज और मेयर विनीत धीर ने बुधवार को जिला बार एसोसिएशन कॉम्प्लेक्स में नई हाई मास्ट लाइटों का उद्घाटन किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि शहर का विकास केवल सड़कों और इमारतों तक सीमित नहीं है, बल्कि सार्वजनिक संस्थानों, बार कॉम्प्लेक्स और नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाना भी नगर निगम की प्राथमिकता है।
हाई मास्ट लाइटों से रोशनी और सुरक्षा में होगा सुधार
मेयर विनीत धीर ने कहा कि हाई मास्ट लाइटें शुरू होने से जिला बार कॉम्प्लेक्स में रोशनी और सुरक्षा व्यवस्था बेहतर होगी। इससे यहां आने वाले वकीलों और अन्य लोगों को सुविधा मिलेगी। जिला बार एसोसिएशन के नवनियुक्त अध्यक्ष रतन दुआ और उनकी टीम ने मेयर का स्वागत किया। इस मौके पर सेंट्रल हलका इंचार्ज नितिन कोहली और अजय चोपड़ा भी मौजूद रहे।
जलभराव की समस्या के समाधान के लिए बनेगा रेन वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम
मेयर ने कहा कि जिला बार कॉम्प्लेक्स में बारिश के दौरान लंबे समय से जलभराव की समस्या सामने आती रही है। इस समस्या के स्थायी समाधान के लिए जल्द यहां रेन वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम स्थापित करवाया जाएगा। इससे बारिश के पानी की निकासी और उसके उचित प्रबंधन को बेहतर बनाने में मदद मिलेगी।
इंटरलॉकिंग टाइलों का काम भी जल्द होगा पूरा
उन्होंने बताया कि बार कॉम्प्लेक्स में इंटरलॉकिंग टाइलें लगाने का काम भी जल्द पूरा करवाया जाएगा। इससे वकीलों और यहां आने वाले लोगों को बेहतर और सुरक्षित आवाजाही की सुविधा मिल सकेगी। मेयर ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि बाकी विकास कार्य निर्धारित समय के भीतर पूरे किए जाएं और निर्माण कार्यों की गुणवत्ता से किसी भी तरह का समझौता न किया जाए।
बार एसोसिएशन की मांगों को प्राथमिकता से हल करने का भरोसा
जिला बार एसोसिएशन के अध्यक्ष रतन दुआ, पूर्व अध्यक्ष राज कुमार भल्ला, ओम प्रकाश, प्रितपाल सिंह और बलविंदर लक्की सहित अन्य वकीलों ने बार कॉम्प्लेक्स से जुड़ी विभिन्न समस्याओं और जरूरतों के बारे में मेयर को जानकारी दी। वकीलों ने हाई मास्ट लाइटें लगाने और अन्य विकास कार्य शुरू करवाने के लिए मेयर का धन्यवाद किया तथा बाकी समस्याओं के जल्द समाधान की मांग रखी।
मेयर विनीत धीर ने वकीलों को भरोसा दिलाया कि जिला बार एसोसिएशन की जायज मांगों को प्राथमिकता के आधार पर हल किया जाएगा। उन्होंने कहा कि शहर के विकास में बार एसोसिएशन समेत सभी संस्थाओं को साथ लेकर आगे बढ़ा जाएगा।
इस मौके पर वकील अमित सिंह संधा, जे.पी. सिंह, कुणाल गोयल, मेहुर खन्ना, दर्शन सिंह, संगीता सोनी, रोबिन सेठी, रबीना सहित बड़ी संख्या में बार एसोसिएशन के सदस्य मौजूद रहे।
