• Fri. Oct 9th, 2026

Punjab Khabar Live

Latest Hindi News Portal, हिंदी समाचार पोर्टल

57 मेट्रो स्टेशन बंद, दर्जनों ट्रेनें रद्द: सुप्रीम कोर्ट पहुंचा मामला, CJI सूर्यकांत बोले-जनता को न हो परेशानी

ByAdmin

Oct 9, 2026

कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के शनिवार को होने वाले बड़े प्रदर्शन को रोकने के लिए सरकार और प्रशासन द्वारा उठाए गए कड़े कदमों पर सुप्रीम कोर्ट ने सख्त रुख अपनाया है। देश के मुख्य न्यायाधीश (CJI) सूर्यकांत की पीठ ने सुनवाई के दौरान सरकार को आड़े हाथों लेते हुए स्पष्ट कहा कि प्रदर्शनों को नियंत्रित करने के नाम पर आम जनता की आवाजाही को पूरी तरह से ठप नहीं किया जा सकता।

“मक्खी मारने के लिए हथौड़े का इस्तेमाल न करें” -CJI सूर्यकांत
सुनवाई के दौरान CJI सूर्यकांत ने सरकार और प्रशासन को नसीहत देते हुए कहा, “आपको व्यवस्था बनाए रखने के लिए कुछ चीजों को रोकना ही होगा, लेकिन इसके लिए केवल उतनी ही कार्रवाई करें जितनी बेहद जरूरी हो। इसका मतलब यह बिल्कुल नहीं है कि आप मक्खी मारने के लिए हथौड़े का इस्तेमाल करने लगें। इस बात का हमेशा ध्यान रखा जाना चाहिए।”

मेट्रो और ट्रेनों पर पूरी रोक हटाने के निर्देश
सुप्रीम कोर्ट ने अपने आदेश में कहा कि मेट्रो की आवाजाही पर पूरी तरह रोक लगाना उचित नहीं है। अधिकारियों को मेट्रो और अन्य ट्रेनों का परिचालन इस प्रकार नियंत्रित करना होगा जिससे आम नागरिकों को न्यूनतम परेशानी हो। कोर्ट ने निर्देश दिए कि प्रशासन मेट्रो व ट्रेनों के परिचालन संबंधी फैसलों की स्पष्ट जानकारी दे और यात्रियों की सुविधा के लिए समाचार पत्रों और आधिकारिक वेबसाइटों पर तुरंत एडवाइजरी प्रकाशित करे।

57 मेट्रो स्टेशन बंद, नई दिल्ली और निजामुद्दीन जाने वाली ट्रेनें रद्द
दरअसल, CJP के प्रदर्शन की आशंका के चलते प्रशासन ने आज रात 9 बजे से दिल्ली के 57 प्रमुख मेट्रो स्टेशनों को बंद करने का फैसला लिया था। इसके अलावा नई दिल्ली और हजरत निजामुद्दीन रेलवे स्टेशन आने वाली कई मेल और एक्सप्रेस ट्रेनों को रेलवे ने उनके शुरुआती स्टेशनों से ही रद्द कर दिया था।

मध्य प्रदेश, बिहार, यूपी और राजस्थान से आने वाली ट्रेनें प्रभावित
प्रशासनिक पाबंदियों के कारण देश के विभिन्न राज्यों से दिल्ली आने-जाने वाली प्रमुख ट्रेनें प्रभावित हुई हैं:

मध्य प्रदेश: जबलपुर-हजरत निजामुद्दीन सुपरफास्ट (22181), महाकौशल एक्सप्रेस (12189) और एमपी संपर्क क्रांति (12121) रद्द।

बिहार: मगध एक्सप्रेस (20801), तेजस राजधानी (12309), संपूर्ण क्रांति एक्सप्रेस (12393) और अमृत भारत एक्सप्रेस (22361) रद्द।

उत्तर प्रदेश: शताब्दी (12033), प्रयागराज एक्सप्रेस (12417), हमसफर (12275), श्रमशक्ति (12451), यूपी संपर्क क्रांति (12447), इंटरसिटी (14211), शिव गंगा (12559), बनारस-नई दिल्ली सुपरफास्ट (12581), कासगंज-नई दिल्ली (15303) और तेजस एक्सप्रेस (82501) रद्द।

राजस्थान एवं हरियाणा: सिरसा-तिलक ब्रिज (15308), उदयपुर-निजामुद्दीन (12964/12963), श्रीगंगानगर-तिलक ब्रिज (14727/14728) और भिवानी-तिलक ब्रिज (14738/14737) जैसी ट्रेनें रद्द घोषित की गई हैं।

By Admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page