• Thu. Feb 5th, 2026

लुधियाना से बड़ी खबरः कैदियों की बर्थडे पार्टी को लेकर जेल के 2 डिप्टी सुपरिन्टेंडेंट अरेस्ट

ByPunjab Khabar Live

Jan 24, 2024

लुधियाना में केन्द्रीय जेल से 3 जनवरी को हवालातियों द्वारा बर्थ डे पार्टी करने और इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद चल रही जांच में जेल के 2 डिप्टी सुपरिन्टेंडेंट पर गाज गिरी है। सूत्रों ने बताया कि पुलिस ने डिप्टी सुपरिन्टेंडेंट गगनदीप शर्मा और सतनाम सिंह को गिरफ्तार कर लिया है। खुलासा हुआ है कि दोनों आरोपी जेल बैरकों में रिश्वत लेकर कैदियों को नशा और मोबाइल सप्लाई करते हैं। दोनों UPI से रिश्वत लेते हैं। पुलिस दोनों डिप्टी सुपरिन्टेंडेंट की गिरफ्तारी के बाद अब 19 दिन पहले जेल में हुई बर्थ डे पार्टी में इस्तेमाल हुए मोबाइल का लिंक भी इन दोनों आरोपियों से खोज रही है।

बताया जा रहा है कि दोनों अधिकारी कैदियों के साथ सांठ-गांठ करके लंबे समय से अवैध गतिविधियां चला रहे थे। ये UPI के माध्यम से कैदियों के परिजनों से रिश्वत लेते थे। कैदियों से मोबाइल फोन-प्रतिबंधित वस्तुएं बरामद करने में अखबारों की खबरों में भी बने रहते थे। ​​​​​​​DCP देहात जसकिरणजीत सिंह तेजा ने कहा कि जांच में उन्होंने पाया कि जेल के कैदी दिलप्रीत सिंह और मनदीप कौर के माध्यम से प्रतिबंधित सामग्री और मोबाइल फोन खरीदते थे। तेजा ने कहा कि दिलप्रीत और मनदीप सिंह जेल डिप्टी सुपरिन्टेंडेंट गगनदीप शर्मा और सतनाम सिंह को मोबाइल फोन और मादक पदार्थ सौंपते थे, जो पैसे के बदले कैदियों तक पहुंचाया करते थे।

पुलिस ने जांच में पाया कि आरोपी जेल अधिकारी UPI के माध्यम से भुगतान प्राप्त करते थे। दोनों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। इस मामले में अभी जांच जारी है। कई खुलासे हो सकते है। इससे पहले आरोपियों के खिलाफ डिवीजन नंबर 7 में जेल अधिनियम की धारा 52 ए (1), एनडीपीएस की धारा 21 और आईपीसी की धारा 120 बी और 34 के तहत मामला दर्ज किया गया था। अब दो जेल अधिकारियों की गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने एफआईआर में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धाराएं भी जोड़ दी हैं। DCP तेजा ने कहा कि मामले में और भी गिरफ्तारियां होने की उम्मीद है। पुलिस UPI लेनदेन के सबूत के तौर पर आरोपी जेल अधिकारियों के मोबाइल फोन जब्त करेगी।

 

 

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page