• Sun. Dec 14th, 2025

अभी अभी बड़ी खबर: कांग्रेस से अभिनेता संजय दत्त देंगे मनोहर लाल को टक्कर!

ByPunjab Khabar Live

Apr 8, 2024

पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल के सामने करनाल में चुनाव लड़वाने के लिए विपक्षी राजनीतिक दलों को कोई मजबूत उम्मीदवार नहीं मिल रहा है। मनोहर लाल अभी तक सभी संभावित उम्मीदवारों पर करनाल में भारी पड़ रहे हैं। कांग्रेस के पैनल में शामिल नामों को खारिज करते हुए पार्टी का शीर्ष नेतृत्व फिल्म अभिनेता संजय दत्त को करनाल में मनोहर लाल के सामने उतारने पर विचार कर रहा है। अभिनेता संजय दत्त के पिता सुनील दत्त पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह की सरकार में मंत्री थे और बहन प्रिया दत्त सांसद रह चुकी हैं। सुनील दत्त और संजय दत्त का पुश्तैनी घर यमुनानगर जिले के गांव मंडौली में हैं, जहां अभी भी उनका परिवार आता-जाता रहता है। कांग्रेस गुरुग्राम लोकसभा सीट पर फिल्म अभिनेता राज बब्बर के नाम पर पहले ही विचार कर रही है।

फिल्म अभिनेता सुनील दत्त का जन्म झेलम वेस्ट पंजाब (पाकिस्तान) में 1929 में हुआ था और बंटवारे के बाद उनका परिवार यमुनानगर के मंडौली गांव में आकर बस गया था। कांग्रेस के कुछ बड़े नेता सुनील दत्त के बेटे फिल्म स्टार संजय दत्त को राजनीतिक रूप से ब्रेक देना चाहते हैं। इसके लिए उन्हें करनाल लोकसभा सीट उपयुक्त नजर आ रही है। संजय दत्त हरियाणा के कई जिलों से अच्छी तरह परिचित हैं। संजय दत्त ब्राह्मण हैं और उनकी माता नरगिस मुस्लिम थी, जो बाद में हिंदू धर्म में परिवर्तित हो चुकी थी। नरगिस की मजार यमुनानगर के मंडौली गांव में बनी हुई है, जहां संजय दत्त व प्रिया दत्त का परिवार समय-समय पर आता रहता है। उनके चाचा का परिवार आज भी यमुनानगर के गांव मंडौली में रहता है, जो कि उत्तर प्रदेश के सहारनपुर की सीमा से सटा है।

कांग्रेस की केंद्रीय चुनाव समिति में सोनिया गांधी और मल्लिकार्जुन खरगे तथा केसी वेणुगोपाल की मौजूदगी में करनाल सीट पर संजय दत्त के नाम पर चर्चा हुई, लेकिन अंतिम फैसला पार्टी के राज्य स्तरीय नेताओं से चर्चा के बाद ही हो सकेगा। कांग्रेस के राजनीतिक गलियारों में हालांकि गुरुग्राम लोकसभा सीट से पूर्व सांसद एवं फिल्म अभिनेता राज बब्बर के नाम पर पहले ही चर्चा चल रही है, लेकिन बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद यादव के समधि होने की वजह से पूर्व मंत्री कैप्टन अजय यादव के नाम को कांग्रेस का शीर्ष नेतृत्व शायद ही खारिज कर सके।

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page