कंचन कुमारी उर्फ ‘भाभी कमल कौर’ की निर्मम हत्या के मामले में कानून का शिकंजा कसता जा रहा है। मामले के मुख्य आरोपी अमृतपाल मेहरों को पंजाब पुलिस ने बठिंडा कोर्ट में पेश किया। कोर्ट ने पुलिस को आरोपी की 5 दिन की रिमांड सौंप दी है।
यह मामला 11 जून 2025 का है, जब अमृतपाल मेहरों ने अपने साथियों के साथ मिलकर कंचन कुमारी का अपहरण कर लिया था। अपहरण के बाद बड़ी ही बेरहमी से कंचन की हत्या कर दी गई और कानून को धोखा देने के लिए उसकी लाश को एक अस्पताल की पार्किंग में लावारिस छोड़कर आरोपी मौके से फरार हो गए थे।
हालांकि, पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए मेहरों के साथियों को तो समय रहते गिरफ्तार कर लिया था, लेकिन मुख्य आरोपी अमृतपाल मेहरों चकमा देकर सरहद पार दुबई भागने में सफल रहा था।
अमृतपाल मेहरों को वापस देश लाना पंजाब पुलिस के लिए एक बड़ी चुनौती थी। इसे काऊंटर इंटैलिजैंस और ओवरसीज फ्यूजिटिव ट्रैकिंग सेल की विशेष मदद से लगातार ट्रेस किया जा रहा था। मेहरों की किस्मत ने उसका साथ तब छोड़ा जब इसी साल जनवरी में शारजाह पुलिस ने उसे वीजा से जुड़े एक मामले में पूछताछ के लिए हिरासत में लिया।
