लुधियाना में सोमवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब नगर निगम के वरिष्ठ अधिकारियों को एक धमकी भरा ईमेल प्राप्त हुआ। ईमेल में मेयर ऑफिस और पंजाबी गायक दिलजीत दोसांझ के घर को बम से उड़ाने की धमकी दी गई है। ईमेल मिलते ही पुलिस और साइबर सेल की टीमें तुरंत हरकत में आ गईं और मामले की जांच शुरू कर दी गई।
जानकारी के अनुसार यह ईमेल सोमवार सुबह करीब 7:28 बजे नगर निगम कमिश्नर समेत अन्य सरकारी ईमेल आईडी पर भेजा गया। ईमेल का विषय “B0mb Blast – Mayor Office Ludhiana!” लिखा गया था। इसमें हमले का समय भी तय किया गया था।
ईमेल में दोपहर 1:11 बजे लुधियाना मेयर ऑफिस पर धमाके की धमकी दी गई, जबकि रात 9:11 बजे दिलजीत दोसांझ के लुधियाना स्थित घर को निशाना बनाने की चेतावनी दी गई। ईमेल में यह भी लिखा गया कि “जो कोई भी दिलजीत दोसांझ की मदद करेगा, उसे मार दिया जाएगा।”
धमकी मिलने के बाद पुलिस महकमे में अलर्ट जारी कर दिया गया है। साइबर सेल ईमेल भेजने वाले की पहचान करने के लिए आईपी एड्रेस और सर्वर डिटेल्स खंगाल रही है। सुरक्षा एजेंसियों ने मेयर कार्यालय और अन्य महत्वपूर्ण स्थानों की निगरानी बढ़ा दी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले को गंभीरता से लिया जा रहा है और हर पहलू से जांच की जा रही है। साथ ही संवेदनशील इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी किए जाने की संभावना है।
