चंडीगढ़ पुलिस ने लगभग 3 साल पुराने एक आपराधिक मामले में आम आदमी पार्टी के चार नेताओं के खिलाफ आरोप पत्र दायर किया है। इनमें पर्यटन एवं सांस्कृतिक मामलों के मंत्री अनमोल गगन मान भी शामिल हैं। अगस्त 2021 में आप नेताओं ने चंडीगढ़ सेक्टर 37 स्थित बीजेपी कार्यालय के बाहर विरोध प्रदर्शन किया था। सेक्टर-39 थाने की पुलिस ने आईपीसी 332, 353, 188, 269, 270 के तहत यह मामला दर्ज किया था। इस मामले के अन्य आरोपियों में राजविंदर कौर गिल, डॉ. सनी सिंह अहलूवालिया और अर्शदीप सिंह के नाम शामिल हैं।
दर्ज मामले में चंडीगढ़ पुलिस के सहायक उपनिरीक्षक महाबीर सिंह शिकायतकर्ता थे। उन्होंने शिकायत में कहा था कि राजविंदर कौर गिल, अनमोल गगन, सनी सिंह अहलूवालिया और अर्शदीप और आप महिला विंग की कई अन्य कार्यकर्ता भाजपा कार्यालय के बाहर एकत्र हुईं और बैरिकेड तोड़ने की कोशिश की। इस घटना में पुलिसकर्मी भी घायल हो गये। इसके अलावा कोरोना के दौरान सोशल डिस्टैंसिंग के नियमों का भी उल्लंघन किया गया।
दरअसल, आम आदमी पार्टी पंजाब और उसकी चंडीगढ़ महिला विंग ने किसानों पर लाठीचार्ज और महिलाओं के साथ कथित दुर्व्यवहार के खिलाफ करनाल के बस्तारा टोल प्लाजा पर विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने सेक्टर-37/ए स्थित पंजाब बीजेपी कार्यालय का घेराव किया और बीजेपी नेताओं के खिलाफ नारेबाजी की थी। धरने में बड़ी संख्या में शामिल महिला प्रदर्शनकारियों को रोकने के लिए पुलिस ने बैरिकेड्स लगाकर सख्त इंतजाम किए थे, लेकिन प्रदर्शनकारियों ने बैरिकेड्स तोड़ने की कोशिश की, जिस पर पुलिस ने हल्का बल प्रयोग करते हुए पानी की बौछार की और प्रदर्शनकारियों को तितर-बितर कर दिया।
