हरियाणा में इंडियन नेशनल लोकदल के अध्यक्ष नफे सिंह राठी हत्याकांड में आरोपियों की सीसीटीवी फुटेज सामने आई है. राठी को दिल्ली के पास बहादुरगढ़ में अज्ञात हमलावरों ने गोली मारकर रविवार (25 फरवरी) को उनकी हत्या कर दी थी. पुलिस इस मामले की जांच में जुटी है. पुलिस जांच के दौरान एक सीसीटीवी फुटेज सामने आया है, जिसमें नफे सिंह राठी की एसयूवी को गोलियों से छलनी करने से ठीक पहले हुंडई i10 में हमलावरों की हरकत दिखाई दे रही है. इंडियन नेशनल लोकदल की हरियाणा इकाई के अध्यक्ष और पूर्व विधायक नफे सिंह राठी और एक पार्टी कार्यकर्ता की रविवार को दिल्ली के पास बहादुरगढ़ में अज्ञात हमलावरों की तरफ से उनकी कार पर गोलियों से हमला कर हत्या कर दी गई.
बता दें कि, पुलिस को हत्या का अभी तक कोई ठोस सुराग नहीं मिला है, लेकिन हमलावर की कार का नंबर पता लगाने के लिए आसपास के इलाकों के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है. विजुअल्स में चारों आरोपियों को हमले वाली जगह से कुछ दूरी पर कार में यात्रा करते हुए दिखाया गया है. राठी (67) और उनके सहयोगी एक एसयूवी के अंदर थे, जब हमलावरों ने घटनास्थल से भागने से पहले गोलीबारी की. राठी की गोली मारकर हत्या कर दी गई, जबकि सुरक्षा के लिए नियुक्त तीन निजी बंदूकधारी हमले में घायल हो गए.
हरियाणा इनेलो प्रमुख नफे सिंह राठी के बेटे जितेंद्र राठी ने कहा कि हम पुलिस और प्रशासन से सभी आरोपियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार करने की मांग करते हैं. मेरे पिता 5 साल से सुरक्षा की गुहार लगा रहे हैं. CID से लगातार इनपुट मिल रहे थे. मेरे पिता सरकार के खिलाफ मुद्दे उठाते रहे और यही कारण है कि उनकी गोली मारकर हत्या कर दी गई. मैं चाहता था कि मेरे पिता की मृत्यु से पहले जांच एजेंसी हमारा समर्थन करती.
