चंडीगढ़ ट्रांसपोर्ट अथॉरिटी द्वारा रजिस्टर्ड स्कूलों की सभी बसों को अब कंट्रोल एंड कमांड सेंटर के साथ जोड़ा जाएगा। इसमें बच्चों को किसी भी प्रकार की समस्या के बाद सिर्फ एक बटन दबाना होगा। इसके बाद यह सूचना पुलिस और कमांड सेंटर तक पहुंच जाएगी। जीपीएस ट्रैकिंग के जरिए हेल्पलाइन टीम उस बस तक पहुंचेगी। जहां से यह बटन दबाया गया होगा, इसके लिए स्टेट ट्रांसपोर्ट अथॉरिटी ने तैयारी कर ली है। जल्द ही यह काम पूरा कर लिया जाएगा।
स्टेट ट्रांसपोर्ट अथॉरिटी के इस फैसले के बाद अभिभावकों में खुशी है। उनका कहना है कि प्रशासन के इस फैसले के बाद बच्चे सुरक्षित होंगे। सेक्टर 45 निवासी राकेश कुमार का कहना है कि चंडीगढ़ प्रशासन ने स्कूलों की बसों को कंट्रोल एंड कमांड सेंटर के साथ जोड़ने का जो फैसला किया है, वह अच्छा है। पहले बच्चों के बारे में कुछ भी नहीं पता चलता था।
अब जीपीएस सिस्टम के जरिए बच्चों की लाइव लोकेशन पता कर सकेंगा। अगर बच्चों को कोई दिक्कत है तो वह भी बटन दबाकर अपनी शिकायत कर सकेंगे। मामले में रूपेश कुमार सेक्रेटरी स्टेट ट्रांसपोर्ट चंडीगढ़ ने कहा कि इस समय चंडीगढ़ के करीब 83 स्कूल में 540 बस हैं। उन सभी में पैनिक बटन की व्यवस्था की जा रही है। शहर के बच्चों को अपने सफर के दौरान किसी प्रकार की कोई परेशानी न हो, इसका ध्यान रखा जाएगा। बटन दबाते ही इसकी सूचना कंट्रोल सेंटर पर पहुंच जाएगी और चंडीगढ़ पुलिस की टीम मौके पर बच्चों की मदद के लिए इस व्यवस्था के बाद पहुंचेगी।
