एक सप्ताह पहले बच्चा नोच खा गए थे आवारा कुत्ते
सुल्तानपुर लोधी के समीपवर्ती गांव पस्सन कदीम में आदमखोर 15-20 आवारा कुत्तों ने एक महिला को नोच-नोच कर मार डाला। जबकि एक अन्य महिला को गंभीर जख्मी कर दिया। इन आवारा कुत्तों ने इतनी बुरी तरह से महिला को नोचा कि उसके सिर से बाल अलग कर दिए और उसकी खोपड़ी तक दिखने लग पड़ी। आदमखोर हो चुके कुत्तों का गांव में आतंक बहुत ज्यादा है। रात के समय घर से बाहर निकलने से गांववासी डरने लगे हैं। मृतक महिला का शव पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल सुल्तानपुर लोधी के शवगृह में रखवा दिया है और जख्मी महिला भी अस्पताल में उपचाराधीन है। एक सप्ताह पहले आवारा कुत्तों ने एक बच्चे को ऐसे ही नोच-नोच कर मार डाला था।
जिसके बारे में पुलिस को भी कोई सूचना नहीं है। गांववासियों ने जानकारी देते हुए बताया कि गांव के पास ही झुग्गियों में रहने वाले केवल ठाकुर उर्फ राजू की 32 वर्षीय पत्नी राम परी देवी मंगलवार की शाम छह बजे अपने पशुओं को चराने के लिए लेकर गई थी। उसी समय 15-20 आवारा कुत्तों ने राम परी देवी पर हमला कर दिया कि उसे इस कद्र नोच-नोच खाया कि उसकी खोपड़ी तक दिखने लगी और सिर के बाल अलग हो गए। ग्रामीणों ने बताया कि कुछ दिन पहले दिनेश मुनि के पुत्र अस्सु कुमार नामक एक बच्चे को भी आवारा कुत्तों ने काट कर खा लिया, जिसके बाद उसकी भी मौत हो गई।
जबकि पिंकी देवी पत्नी जोगी मुनी भी इन कुत्तों का शिकार बनी और गंभीर जख्मी है, इस समय वह सिविल अस्पताल में उपचाराधीन है। इस घटना की सूचना मिलने पर बुधवार को थाना कबीरपुर की पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी, वहीं शव को सिविल अस्पताल सुल्तानपुर लोधी के शवगृह में रखा गया है। इस दौरान गुरदेव सिंह सरपंच, जसविंदर सिंह, सरदार दयाल सिंह बलजिंदर सिंह सोनू सतनाम सिंह सरदूल सिंह डॉ. सुखविंदर सिंह फुम्मन सिंह मुख्तियार सिंह सुखचैन सिंह निशान सिंह सुच्चा सिंह गुरचरण सिंह सिंगारा सिंह, निशान सिंह, हरप्रीत सिंह और सुखविंदर सिंह गोल्डी आदि ने जिला प्रशासन से गुहार लगाई है कि ऐसे आदमखोर कुत्तों ने जल्द से जल्द निजात दिलाई जाए।
थाना कबीरपुर के एसएचओ एसआई गुरसाहिब सिंह ने बताया कि बुधवार की सुबह उन्हें सूचना मिली। शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल के शवगृह में रखवा दिया है। बच्चे की घटना की सूचना मिली है, लेकिन किसी ने पुलिस को सूचित नहीं किया। बच्चे का परिवार भी गांव छोड़कर जा चुका है। उन्होंने बताया कि गांव के पास ही हड्डारोड़ी है, जहां ये कुत्ते जमा रहते हैं।इन्हे पकड़ने के लिए वह नगर काउंसिल सुल्तानपुर लोधी को भी पत्र लिख रहे है, जिससे भविष्य में ऐसी घटनाएं न हों।
