हरियाणा के सोनीपत में खौफनाक वारदात हुई है। यहां पर बड़े भाई ने अपने छोटे भाई, उसकी पत्नी और मासूम भतीजे की धारदार हथियार से काट कर निर्मम हत्या कर दी। एक साथ तीन मौतों से गांव बिंदरौली में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही थाना कुंडली पुलिस मौके पर पहुंची। वारदात के बाद आरोपी भाई फरार है। मृतकों की पहचान अमरदीप (28), उनकी पत्नी मधु (25) और बेटे शिवम (3 माह) के रूप में हुई है। मृतक अमरदीप अतिरिक्त उपायुक्त (ADC) कार्यालय में फैमिली आईडी विंग में मैनेजर के तौर पर तैनात था।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार तीनों पर कुल्हाड़ी से वार किए गए हैं। परिवार में चल रहे आपसी झगड़े को इस बड़ी वारदात का कारण माना जा रहा है। मौके पर पहुंचे पुलिस अधिकारी ने बताया कि सुबह बिंदरौली गांव के धर्मबीर ने पुलिस चौकी जाकर सूचना दी थी कि उसके बड़े लड़के मनदीप ने अपने छोटे भाई अमरदीप, उसकी पत्नी व बेटे की हत्या कर दी है। पुलिस मौके पर पहुंच कर छानबीन में लगी है। परिवार वालों की स्टेटमेंट के आधार पर कार्रवाई की जाएगी। आरोपी की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।
